ग्वालियर में बच्चों के विवाद में चलीं गोलियां, समझाने पहुंचे घर के बड़े ही उलझा गए, फिके पत्थर, चलीं गोलियां
ग्वालियर. खेल-खेल में भिडे बच्चों को समझाने पहुंचे घर के बड़े भी उलझ गए, कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने थे और एक दूसरे पर पथराव व फायरिंग कर रहे थे। घटना सिरोल के बघेल मोहल्ला की है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस भी 10 मिनट तक दोनों पक्षों से आ रहे पत्थरों के बीच घिरी रही। किसी तरह पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। झगड़े में किसी के घायल होने की खबर नहीं है जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर लिया है।
सिरोल के बघेल मोहल्ला निवासी हेमंत पुत्र भुजबल सिंह पाल के घर के पास ही पदम पाल का परिवार भी रहता है। दोपहर में पदम और हेमंत के बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। यहां खेलने के दौरान उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बडा तो दोनों के परिजन भी विवाद में उतर आए और मारपीट कर फायरिंग कर दी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन पुलिस के सामने ही एक पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया जिसमें तीन पुलिसकर्मी बीच में फंसकर रह गए। मामले का पता चलते ही दूसरे थानों से बल पहुंचा तब कहीं दोनों पक्ष शांत हुए। पुलिस ने हेमंत की शिकायत पर सूरज, कालीचरण, रामलखन, मंटोली और नीरज के खिलाफ व दूसरे पक्ष से पदम की शिकायत पर रामप्रसाद, देशराज, साहब, छत्रपाल, कृष्णा और भुजबल के खिलाफ मारपीट, फायरिंग का मामला दर्ज किया है।

