ग्वालियर में पूर्व CM दिग्विजय सिंह पर FIR
ग्वालियर. खरगोन में हुई हिंसा पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कुछ सवाल किए थे। जिसके बाद उनके इस सोशल मीडिया पोस्ट को धार्मिंक उन्माद फैलाने का आरोप लगाकर उन पर FIR दर्ज की गई है। एक मामला भोपाल में दर्ज किया गया है, लेकिन एक मामला ग्वालियर के इंदरगंज थाना में दर्ज किया गया है। आम नागरिक निर्मल शर्मा ने पूर्व CM के पोस्ट से धार्मिक उन्माद फैलाने की श्रेणी में बताकर शिकायत की थी। जिस पर ग्वालियर के इंदरगंज थाना में दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सोमवार को ग्वालियर आए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर इस मुद्दे पर भडकाऊ पोस्ट किया था। पूर्व सीएम ने ट्वीट किया था कि तलवार-लाठी लेकर धार्मिक थल पर झंडा लगाना उचित है क्या? क्या खरगोन प्रशासन ने हथियारों को लेकर जुलूस निकालने की इजाजत दी थी क्या? जिन्होंने पत्थर फेंके, चाहे जिस धर्म के हों सभी के घर पर बुलडोजर चलेगा क्या? साथ ही लिखा कि शिवराज जी मत भूलिए आपने निष्पक्ष होकर सरकार चलाने की शपथ ली है। इस पोस्ट को ऐसे माहौल में भड़काऊ माना गया है। ग्वालियर में इस पोस्ट के खिलाफ मीरा नगर मुरार निवासी निर्मल शर्मा ने इंदरगंज थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत की और पूर्व सीएम पर मामला दर्ज करने की मांग की थी। इस मांग पर देर रात इंदरगंज थाना पुलिस ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।

