ग्वालियर में देर रात ट्रैक्टर-टॉली पलटने से 4 की मौत
ग्वालियर. शनिवार देर रात 10.30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई। घटना घाटीगांव में आंतरी-तिलावली तिराहा की है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सहरिया आदिवासी समाज के लोग थे। मरने वालों में एक नाबालिग है।15 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को एम्बुलेंस और पुलिस की गाड़ियों से जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों का हाल जाना। बेहतर से बेहतर इलाज का इंतजाम करने के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए। उन्होंने अपनी मौजूदगी में घायलों का इलाज शुरू कराया।
ग्वालियर के घाटीगांव विकासखंड के कैंथ गांव से शनिवार शाम 4 बजे सहारिया आदिवासी समाज के 31 लोग पई खो गांव से जंगल में शतावरी वन औषधि की जड़ खोदने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से गए थे। काम खत्म होने के बाद औषधि की जड़ ट्रॉली में भरकर सभी लौट रहे थे। रास्ते में आंतरी तिलावली तिराहे से आगे ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने एक भैंस आ गई। इसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर का स्टीयरिंग से कंट्रोल छूट गया। उसने स्टीयरिंग घुमाई, इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक नाबालिग, दो महिलाओं समेत चार लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे कुदल गए। घाटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। खुद एसपी, एएसपी और डीएसपी स्पॉट पर पहुंच गए। सभी घायलों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। साथ ही घटना स्थल से चार शवों को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया गया है।
इन चार लोगों की हुई मौत
फूलवती (45) पत्नी पप्पू आदिवासी
रामदास आदिवासी (46)
अरुण (14) पुत्र रामदास आदिवासी
कस्तूरी बाई (65) पत्नी जंगलिया आदिवासी

