ग्वालियर में खुलेआम गुंडागर्दी, टोल टैक्स मांगने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, बंदूके लहराते हुए भागे
ग्वालियर. ग्वालियर में टोल टैक्स के 40 रुपए मांगने पर कार सवार बदमाशों ने जमकर हंगामा किया, वह टोल कर्मचारियों को गालियां देने लगे और विरोध करने पर दो बदमाशों ने अपनी लाइसेंसी राइफल से आधा दर्जन से अधिक गोलियां चला दीं। घटना मंगलवार सुबह महाराजपुरा के बरैठा टोल की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ही बदमाश हाथों से राइफल लहराते हुए भाग निकले। वहीं पुलिस ने टोल टैक्स बैरियर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालकर हंगामा करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार ग्वालियर-भिंड रोड पर महाराजपुरा थाना और मालनपुर थाना की सीमा पर बरैठा टोल टैक्स बैरियर है। मंगलवार सुबह यहां पदस्थ कर्मचारी ओमवीर सिंह ड्यूटी पर था तभी ग्वालियर से भिंड की ओर जाने वाली सफेद रंगद की स्कॉर्पियों कार को बरेठा टोल पर कर्मचारी ने रोका। कर्मचारी ने देखा कि कार पर फास्टैग नहीं है तो 40 रुपए टोल के मांगे लेकिन कार में सवार बदमाश ने अपनी पहचान नीरू कुश्वाह निवासी भिंड के रूप में देते हुए कहा कि हमसे टोल मांगेगा, टोल ही बंद करवा देंगे। वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी कार से उतर आए और झगड़ा करने लगे। कुछ ही देर में वहां मुंहबाद हाथापाई में बदल गया। कर्मचारियों से मारपीट कर नीरू कुशवाह व उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी, टोल पर अचानक हुई फायरिंग से वहां पर मौजूद अन्य वाहन जो लाइन में पीछे लगे थे उसके चालक व अंदर सवार लोग गाडि़यां छोड़कर भागने लगे। बदमाश बेखौफ गोलियां चलाते रहे। आधा दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाने के बाद बदमाश वहां से भाग गए जिसके काफी देर बाद वहां स्थिति सामान्य हो सकी।
सीसीटीवी फुटेज से मिले सबूत
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ही बदमाश भाग चुके थे। पुलिस ने टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रिकॉर्ड हुई है। जब पुलिसने जांच की जो पता चला कि नीरू कुशवाह भिंड में हत्या के मामले में आरोपी है। हाल ही में वह जेल से छूटा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नीरू कुशवाह और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुय कर दी है।

