LatestNewsराज्य

ग्वालियर में कस्टमर की गाड़ी ठीक करने के लिए दो मिस्त्री आपस में भिड़े, एक की मौत

ग्वालियर. शिंदे की छावनी इलाके में ग्राहक की बाइक सुधारने को लेकर दो मिस्त्री आपस में झगड गए। दोनों में जमकर खींचतान और मारपीट हो गई। इस घटना के कुछ ही देर बाद एक की मौत हो गई। मृतक के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है। इंदरगंज थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। पुलिस ने अभी मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। इसके बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। मृतक का नाम देवेंद्र शाक्य था जो निर्धन नगर में रहता था।
पहले लड़ाई फिर गिरा देवेंद्र, मौत
वह शिंदे की छावनी स्थित चावला ऑटो पार्ट्स पर ही काम करता था। उसके साथ मनोज आर्य भी गाड़ियां सुधारता है। यह लोग दोपहर में दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक सवार गाड़ी सुधरवाने के लिए आया। गाड़ी सुधारने को लेकर दोनों में मारपीट भी हो गई। इसके बाद इन्हें यहां मौजूद अन्य लोगों ने अलग करवाया। मनोज कुछ दूरी पर चला गया। तभी अचानक देवेंद्र गाड़ी सुधारते-सुधारते जमीन पर अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
पीट-पीटकर हत्या का आरोप
देवेंद्र के स्वजन पहले अस्पताल फिर इंदरगंज थाने पहुंचे। यहां इनका कहना था कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। मृतक के भाई दिनेश कुमार का कहना है कि देवेंद्र चावला ऑटो पार्ट्स पर काम करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *