ग्वालियर में कंटेनमेंट जोन में नो एंट्री
ग्वालियर. शहर में कई गुना तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को रोकने अब बैरिकेड्स का सहारा लिया जाएगा। रविवार को कलेक्टर ग्वालियर ने इंसीडेंट कमांडरों के साथ आपात बैठक कर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि जिन गली-मोहल्लों में अधिक संख्या में कोरोना मरीज मिलें, उन गली-मोहल्लों में बैरिकेडिंग कर कंटेनमेंट जोन बनाएं जिससे कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। कंटेनमेंट जोन के काम को गंभीरता से लें इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जो कनटेंनमेंट में बाधा उत्पन्न करें उसके खिलाफ एक्शन हो
कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने सभी इंसीडेंट कमाण्डर को निर्देश दिए कि बैरिकेड्स के काम में असहयोग करने वाले नगर निगम के जेडओ एवं लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। अभियान के तौर पर कंटेनमेंट जोन बनाने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्वयं सभी इंसीडेंट कमाण्डर के क्षेत्र में बैरिकेडिंग का निरीक्षण करेंगे साथ ही गली मोहल्लों में भी जो लोग कनटेंनमेंट बनाने में बाधा उत्पन्न करें तो उनके खिलाफ भी एक्शन लिया जाए।
रेड जोन के गली मोहल्लों पर रखें निगरानी
शहर के जिन इलाकों को रेड जोन में रखा गया है मतलब वहां कोरोना संक्रमण तेजी से फैला है। उन गली-मोहल्लों को चिन्हित कर वहां कंटेनमेंट जोन बनाकर आम लोगों की आवाजाही रोकी जाए। जिससे संक्रमण न फैले। इंसीटेंट कमांडर इन कंटेनमेंट जोन की निगरानी की जिम्मेदारी लें।

