ग्वालियर में अमृत योजना और सड़कों को लेकर कलेक्टर और निगमायुक्त में बहस
ग्वालियर. ग्वालियर स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल के बीच बहस हो गई। बैठक में अमृत के 25 करोड़ के कार्यों को लेकर नगर निगम को स्मार्ट सिटी से मिलने वाली राशि और सड़कों के रेस्टोरेशन पर बात उठी। नगर निगम से यह भुगतान हुआ है जिसका पैसा स्मार्ट सिटी कंपनी देगी। इन मसलों को लेकर ही अफसरों में बात थोड़ी बहस में तब्दील हो गई और दूसरे मौजूदा अफसरों को दखल तक देना पड़ा। हांलाकि नगर निगम आयुक्त ने बहस होने की बात से इन्कार किया है,बस राशि मांगे जाने की बात कही है। बैठक में बायोडायवर्सिटी पार्क, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, स्मार्ट स्कूल आदि योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रोजेक्ट भोपाल में स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी जयति सिंह और बोर्ड मीटिंग में निदेशक मंडल के निदेशक प्रशांत मेहता आदि मौजूद थे। स्मार्ट सिटी सीईओ जयति सिंह ने उपस्थित सदस्यों के साथ आगामी योजनाओं पर चर्चा की।
पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की यादों को संजोने के लिए गोरखी स्कूल परिसर में स्मार्ट म्यूजियम बनाया जा रहा है। म्यूजियम में बनने वाली आधा दर्जन गैलरी में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के संपूर्ण जीवन को स्मार्ट तरीके से संजोया जाएगा। इस म्यूजियम के निर्माण कार्य की प्रगति देखने स्मार्ट सिटी सीईओ जयति सिंह ने निरीक्षण किया। सीईओ जयति सिंह ने गोरखी स्कूल व अटल म्यूजियम के निर्माण को लेकर समयसारणी बनाकर गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही म्यूजियम के प्रवेश द्वार को भी बडा करने के साथ उसे आकर्षक बनाने के निर्देश दिए हैं। म्यूजियम में बनने वाली विभिन्न गैलरियों के निर्माण के ड्रॉइंग एवं जानकारी को संबंधित अधिकारियों के साथ साझा किया जाए। गैलरियों में विभिन्न डायरोमा माडल के डिजाइन व निर्माण से संबंधित आगामी योजना का आंकलन की रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए।

