ग्वालियर, भोपाल, इंदौर सहित 6 शहरों में चलेंगी 552 ई-बस
भोपाल. सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में एमपी कैबिनेट की बैठक हुई है। कैबिनेट की मीटिंग में कई फैसलों पर मुहर लगी है। इसमें सबसे अहम प्रदेश के शहरों में ई-बस चलाने की कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही मंदसरौ, राजगढ़, सीधी, सिवनी और बालाघाट जिले में अलग-अलग सिंचाई परियोजनाओं के लिए 10,373 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है।
इसके तहत मंदसौर जिले में 60 करोड़ 3 लाख रुपए की लागत से ताखाजी सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना, राजगढ़ में 4666.66 करोड़ रुपए की लागत से मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना और सीधी में 4167 करोड़ 93 लाख रुपए की लागत से सीतापुर हनुमना माइक्रो सिंचाई परियोजना को मंजूरी मिली है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, कैबिनेट ने सिवनी-बालाघाट की संजय सरोवर परियोजना के नहरों की विस्तारीकरण, नवीनीकरण और आधुनिकीकरण के लिए 332 करोड़ 54 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही बाणसागर बहुउद्देशीय परियोजना अंतर्गत बहुती नहर के लिए भी 1146 करोड़ 34 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही कैबिनेट ने पर्यटन विभाग पीपीपी मोड में कई शहरों में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाएगी। इस प्रस्ताव पर भी कैबेनिट ने स्वीकृति दी है।

