ग्वालियर को कुल तीन फ्लाई ओवर मिलने की संभावना
ग्वालियर. भारत माला के बाद अब केंद्र सरकार की सेतु बंधन योजना के तहत ग्वालियर को 3 फ्लाई ओवर मिल सकते हैं। पहले चरण में ग्वालियर शहर के लिए 2 फ्लाई का प्रस्ताव केंद्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्रालय के पास जा चुका है। ये प्रस्ताव कंपू से स्काउट गाइड महाराज बाड़ा और हजीरा से चार शहर का नाका तक फ्लाई ओवर बनाने का गया है। वहीं दूसरे चरण में रामदास घाटी से शिंदे की छावनी, नदीगेट तक के फ्लाई ओवर का प्रस्ताव भेजा जाएगा। अधिकारियों ने अभी भेजे प्रस्ताव में बताया है कि ये फ्लाई ओवर बनने के बाद शहर की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा। क्योंकि, कंपू से बाड़ा और हजीरा से चार शहर का नाका के बीच प्रति घंटे हजारों वाहनों का ट्रैफिक है और इस वजह से इन सड़कों पर सुबह से शाम तक लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
ये फ्लाई ओवर हैं प्रस्तावित
1 केआरजी कॉलेज के पास बनी मल्टीलेवल पार्किंग से रॉक्सी पुल होते हुए स्काउट गाइड बिल्डिंग तिराहे तक। 2 इंटक मैदान के पास से हजीरा चौराहे होते हुए चार शहर का नाका से आगे तक। 3 रामदास घाटी से शिंदे की छावनी होते हुए फूलबाग गुरूद्वारे के पास तक।
आरडीसी से फ्लाई ओवर बनवाने की तैयारी
केंद्र सरकार फ्लाई ओवर का काम अब रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन से कराएगी। ग्वालियर के लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग ने भी जिन फ्लाई ओवर के प्रस्ताव भेजे हैं। अभी उनका परीक्षण आरडीसी की टीम करेगी। उसके बाद फाइनल होगा कि फ्लाई ओवर कहां से कहां तक बनाए जाएं।
भारत माला में मिला है वेस्टर्न बायपास
ग्वालियर को भारत माला प्रोजेक्ट के तहत वेस्टर्न बायपास मिल चुका है। ये बायपास निरावली से काउंटर मैग्नेट सिटी के कुलैथ, खेरिया आदि गांव में होते हुए गिरवाई के पास निकलेगा। बायपास की दोनों तरफ इंडस्ट्रियल जोन, लॉजिस्टिक पार्क, स्कूल एवं कॉलेजों के लिए भी प्रावधान किया जाएगा।

