ग्वालियर के अचलेश्वर, गुप्तेश्वर में लगी भक्तों की भीड़,रात 12 बजे से खुले मंदिरों के पट

ग्वालियर. आज (बुधवार) को महाशिवरात्रि के त्योहार के चलते शिवालयों पर भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। आर्कषक रोशनी से नहाए शिव मंदिरों के पट रात से ही भक्तों के लिए खोल दिए गए।शहर के प्रमुख शिव मंदिर अचलेश्वर, कोटेश्वर, भूतेश्वर पर भक्तों का मेला लग रहा है। रात से ही भक्तों ने मंदिर आना शुरू कर दिया था।
सुबह मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी-लंबी लाइन लगी है। बुधवार सुबह प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर खुद अपने घर न्यू कॉलोनी से पैदल चलकर कोटेश्वर मंदिर पहुंचे। करीब 4 किलोमीटर पैदल चलने के बाद कोटेश्वर मंदिर में दर्शन कर जलाभिषेक किया। जबकि गोल पहाड़िया स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से बुधवार दोपहर शिव बारात निकलेगी जो शहर के बाजारों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।
शिवालयों में रात से ही भक्तों की लाइन लगी है। महाशिवरात्रि के पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो और भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय ना हो इसके लिए पुलिस ने शिवालयों पर दो हजार जवान लगाए हैं। जो राउंड द क्लॉक पहरेदारी करेंगे। इसके साथ ही शिवालयों पर ड्रोन से निगरानी करने के साथ ही क्राइम ब्रांच व स्पेशल टीम यहां पर तैनात की गई है।

