गुजरात फॉर्मुला लागू हुआ तो उमा, प्रभात की तरह नेता बिठाए जाएंगे घर: कांग्रेस
भोपाल. गुजरात के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक सफलता से मप्र भाजपा के नेता उत्साहित हैं। गुजरात चुनाव से लौटे नेताओं ने मप्र में भी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान से लेकर सत्ता और भाजपा संगठन के पदाधिकारी दावा कर रहे हैं कि अगले साल मप्र में भी गुजरात जैसे ही परिणाम आएंगे। गृ़हमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि मप्र में भी गुजरात का इतिहास दोहराया जाएगा। गुजरात जैसी मेजोरिटी में आने वाली है।
उमा, प्रभात की तरह नेता बिठाए जाएंगे घर: कांग्रेस
मप्र बीजेपी के नेताओं के बयान पर कांग्रेस मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने कहा, गुजरात में भाजपा ने जो फॉर्मुला अपनाया है, उस फॉर्मुले को मप्र में लागू करते हैं तो मप्र में भी मुख्यमंत्री का चेहरा बदलेगा। कई टिकट काटे जाएंगे। कई नामी नेताओं के टिकट काट दिए जाएंगे। ऐसी स्थिति मप्र में निर्मित हो सकती है। भाजपा परफॉरमेंस के नाम पर घर बिठाने का काम करती है। जैसे उमा भारती, प्रभात झा को घर बिठाया। भाजपा का डंका दिल्ली से चलता है। गुजरात जैसा फॉर्मुला मप्र में लागू हुआ तो यहां स्थिति देखने लायक होगी।
गुजरात में अपनाया गया यह फाॅर्मूला
5 साल 37 दिन सीएम रहे विजय रूपाणी के साथ पूरे मंत्रिमंडल को साल भर पहले बदला। इस बदलाव से एंटी-इनकम्बेंसी चुनाव से पहले भाजपा के पक्ष में बदल गई।
कुल 99 सीटों में से 40% मौजूदा विधायकों के टिकट काटे।
रूपाणी के साथ डिप्टी सीएम रहे नितिन पटेल, प्रदीप जाडेजा, भूपेंद्र सिंह चूडावत और सौरभ पटेल समेत कई उम्रदराज दिग्गजों को घर बैठाया।
पाटीदार और ओबीसी समीकरणों का पूरा ध्यान रखा और नए चेहरे उतारे। अजा-अजजा की रिजर्व सीट के अलावा कुल 40 पाटीदार, 48 ओबीसी, 30 (ब्राह्मण-क्षत्रिय) को टिकट दिया।
पूर्व विधायकों के परिवार के जिताऊ व्यक्ति को टिकट दिया। गुजरात में 22 ऐसे परिवारों को टिकट मिला है।

