गहलोत का आधा मंत्रिमंडल बदल जाएगा, आज शाम तक कुछ और इस्तीफे होंगे
जयपुर. कांग्रेस हाईकमान ने गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल फेरबदल को मंजूरी देते हुए फॉर्मूला तय कर दिया है। फेरबदल में 2023 के चुनावी फायदे को ध्यान में रखने का कहा गया है। इस फॉर्मूले के बाद गहलोत मंत्रिमंडल आधा बदल जाएगा। तीन मंत्रियों के इस्तीफे मंजूर हो चुके हैं। आज शाम तक कुछ और इस्तीफे होंगे। मंत्रिमंडल में 12 जगह खाली हो चुकी है। रविवार को होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में 10 से 12 नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। मंत्री बनने के लिए दावेदारों की लंबी कतार है। 12 पदों के लिए चार गुना नेता मैदान में हैं। हटने वाले मंत्रियों की जगह उन्हीं की जाति के नेताओं को मंत्री बनाने की ज्यादा संभावना है।
पायलट कैंप से करीब 4 से 5 मंत्री बनने की संभावना
सचिन पायलट कैंप से करीब 4 से 5 मंत्री बनने की संभावना है। पायलट कैंप से मुरारीलाल मीणा, दीपेंद्र सिंह शेखावत, बृजेंद्र सिंह ओला, हेमाराम चौधरी, रमेश मीणा में से मंत्री बनने की संभावना है।
13 जिलों से कोई मंत्री नहीं, इन जिलों से भी मंत्री बनेंगे
गहलोत सरकार में 13 जिलों से फिलहाल कोई मंत्री नहीं है। उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सिरोही, धौलपुर, टोंक, सवाई माधोपुर और करौली जिलों से अभी एक भी मंत्री नहीं है। इन जिलों से मंत्रिमंडल में जगह दी जानी है।

