गंदगी मिली तो बंद होंगीं कलारी, एंटी माफिया अभियान की आगामी कार्ययोजना – कलेक्टर
ग्वालियर कलारी संचालकों को साफतौर पर ताकीद कर दें कि वे पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाएँ और उसी में कचरा डाला जाए। जिन कलारियों के आस-पास गंदगी मिलेगी उन्हें बंद करने की कार्रवाई की जायेगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर कौशलेन्द्रविक्रम सिंह ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने वार्ड मॉनीटर के रूप में तैनात विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से शहर के विभिन्न वार्डों में पहुँचें। अगर कहीं कचरा व गंदगी दिखाई दे तो नगर निगम के अमले के माध्यम से उसे साफ करवाएँ।
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने सभी वार्ड मॉनीटर को निर्देश दिए कि वे मंगलवार को प्रात: 6 बजे बाल भवन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँ। वहाँ से नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देशन में संबंधित वार्ड में पहुँचकर साफ-सफाई की मॉनीटरिंग करें। भ्रमण के दौरान घर-घर से कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्वच्छता परिसर व शौचालयों की साफ-सफाई इत्यादि पर विशेष नजर रखें। साथ ही सड़कों व गलियों की साफ-सफाई भी देखें। उन्होंने विद्युत वितरण कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर के आस-पास जमा कचरा अभियान बतौर हटवाएँ।
नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने बैठक में आह्वान किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में ग्वालियर को अव्वल बनाने में सभी अधिकारी सहयोगी बनें। उन्होंने कहा सभी के प्रयासों से ही ग्वालियर स्वच्छ व सुंदर शहर बनेगा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी किशोर कान्याल एवं अपर कलेक्टर टीएन सिंह व रिंकेश वैश्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
राजस्व अधिकारियों से माँगी एंटी माफिया अभियान की आगामी कार्ययोजना
बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि एंटी माफिया अभियान लगातार जारी रखें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से एंटी माफिया अभियान की आगामी कार्ययोजना मांगी है। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि एंटी माफिया अभियान के तहत सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ-साथ गृह निर्माण सोसायटियों में पात्र लोगों को प्लॉट के कब्जे भी दिलवाए जाएँ। उन्होंने मिलावट से मुक्ति अभियान व शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (चिटफंड) से निवेशकों की धन वापसी कराने की हिदायत भी दी।

