कैलाशजी ने खुद को BJP प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर कहा- सुगबुगाहट तो होनी चाहिए
इंदौर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की शनिवार को स्टेट हैंगर पर मुलाकात हुई, जिसके फोटो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सियासी गलियारों में इसे लेकर हलचल मच गई। दो धुर विरोधी दिग्गज नेताओं की काफी देर तक हुई इस मुलाकात को जहां कुछ लोग एक सामान्य शिष्टाचार मुलाकात मान रहे हैं तो कई मजाकिया अंदाज में कमेंट कर रहे हैं। इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी चुटकी ली और कहा कि मैंने भी दोनों का यह फोटो आज ही देखी है। मैं पता करता हूं, दोनों ही ‘गुरु’ हैं।
सुगबुगाहट न हो तो राजनीति कैसी
खुद के प्रदेश अध्यक्ष बनने की सुगबुगाहट के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि सुगबुगाहट तो होनी चाहिए। सुगबुगाहट न हो तो राजनीति कैसी, इसलिए सुगबुगाहट तो होती रहनी चाहिए। अब चुनाव में दिन कितने बचे हैं। केंद्रीय नेतृत्व में परिवर्तन की सुगबुगाहट पर उन्होंने कहा कि हमारे यहां (पार्टी) तो ऐसी कोई चर्चा नहीं है। मैं राष्ट्रीय महामंत्री हूं और जवाबदारी के साथ यह बात कह रहा हूं। मैं खुद अखबारों में पढ़ता हूं कि मोदीजी गुजरात का फार्मूला मप्र में लागू करेंगे, ऐसा मीडिया ही छापता है, हमें क्या पता। यह सवाल मीडिया का है और जवाब भी उसका है।

