कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम के पास पिस्टल और कट्टे के साथ बदमाश दबोचे
ग्वालियर. कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम पर वारदात की नीयत से खड़े दो बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर के दबोच लिया। बदमाशों के पास से एक पिस्टल व एक कट्टा मिला है। पुलिस बदमाशों से वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस के अनुसार मुखबिर ने बीतें रोज सीएसपी रत्नेश सिंह तोमर को इत्तला दी कि कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के पास दो बदमाश वारदात की नीयम से घूम रहे है।
सीएसपी ने पुलिस बल को तत्काल घेराबंदी करने के निर्देश दिये इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार लड़कों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान दो युवक पुलिस को देख बाइक स्टार्ट कर के भागने लगे। पुलिस को समझते देर नहीं लगी कि दोनों युवक ही संदेही है पुलिस जवानों ने दोनों को दबोच लिया। पड़ताल में दोनों के पास से एक पिस्टल व एक लोडेड कट्टा मिला है।
पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई है और पूछताछ में उन्होंने अपना नाम आनंद कमरिया घासमंडी व उपेन्द्र धाकड़ कैलारस बताया। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत धारा 25/27 की कार्रवाई की है। दोनों से पुलिस शहर में हुई और वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

