Latestराज्यराष्ट्रीय

कूनो में PM के कार्यक्रम में शामिल होने आए सिंधिया, बोले शिवपुरी नेशनल पार्क में 5 टाइगर लाने के लिए बात की है

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित पालपुर कूनो नेशनल पार्क में चीता विस्थापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ शामिल होने शुक्रवार रात ग्वालियर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया है। साथ ही कहा कि शिवपुरी नेशनल पार्क के लिए भी मैंने 5 टाइगर लाने के प्रयास किए हैं। इसके लिए मांग की है। जल्द उसमें भी कामयाबी मिलेगी। इससे पर्यटन और रोजगार बढ़ेगा, जिससे विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। रणथम्बोर, कूनो, शिवपुरी फिर पन्ना एक बेल्ट पर्यावरण व वन के लिहाज से लोगों को आर्कषित करेगा।

श्योपुर के कूनो में शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ अफ्रीकन चीतों को नेशनल पार्क के जंगल में छोड़कर इतिहास रचेंगे। उसके गवाह बनने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पहुंच रहे हैं। शुक्रवार रात दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से केन्द्रीय नागरिग उड्‌डयन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर पहुंचे। यहां स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत किया है। यहां सिंधिया ने मीडिया से बात की है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विजन और प्रयास की सराहना की है। साथ ही एक दिन पहले केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी द्वारा करोड़ों के प्रोजेक्ट की सौगात ग्वालियर-चंबल अंचल व मध्य प्रदेश को देने पर धन्यवाद दिया है। सिंधिया शनिवार सुबह 9 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से हेलीकॉप्टर की मदद से कूनो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *