कुलगाम में आतंकी साजिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने समय रहते 2 आइईडी बरामद कर किए निष्क्रिय
जम्मू कश्मीर. दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शनिवार को सुरक्षाबलों ने समय रहते दो शक्तिशाली आइईडी को ढूंढ कर बड़ी वारदात को टाल दिया। इनमें एक आइईडी मैग्नेटिक थी। पुलिस ने 3 संदिग्ध तत्वों को पूछताछ के लिए तलब किया है। पुलिस को खबर मिली थी कि आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए फ्रिसल में दो आइईडी लगा रखी हैं।
पुलिस ने सेना की वन आरआर के जवानों के साथ करीब दो घंटे के अभियान के बाद जगह को चिह्नित कर लिया, जहां आइईडी रखी गई थी। इसके बाद उसे निष्क्रिय कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक आइईडी टाइमरयुक्त थी और एक अन्य मैग्नेटिक। इन आइईडी को तैयार करने और उनके जरिए सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की साजिश में लिप्त आतंकियों व उनके ओवरग्राउंड वर्करों को पकड़ने के लिए फ्रिसल और साथ सटे इलाकों में एक अभियान भी चलाया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिण कश्मीर में आइईडी की बरामदगी की यह दूसरी घटना है।

