किले से नीचे गिरा युवक, 100 फीट गहराई में 3 घंटे अटकी रहीं सांसें, बचाई जान
ग्वालियर. किले से देर रात एक युवक संदिग्ध हालात में नीचे गिर गया। वह करीब 100 फीट की गहराई में एक पत्थर पर गिरा है। इससे उसका सिर फूट गया है। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से करीब तीन घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 100 फीट की गहराई में फंसे युवक को बाहर निकाला। सिर से ज्यादा खून बह जाने से युवक की हालत गंभीर है और वह बेहोश है। इस कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। साथ ही यह भी पता नहीं चल सका है कि वह गिरा है या कूदा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस को उसके होश में आने का इंतजार है।
क्या है पूरा मामला
बहोड़ापुर एरिया में ग्वालियर किला के उरवाई गेट की तरफ किले की दीवार से एक लड़का नीचे गिर गया था। घटना का पता चलते ही बहोड़ापुर थाना प्रभारी डॉक्टर संतोष सिंह यादव ने एएसआई ओमप्रकाश शर्मा, आरक्षक भोला धाकड़, सोनू त्यागी, नरेश तोमर और सैनिक पप्पू को युवक की तलाश के लिए रवाना किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता लगा कि 100 फीट की गहराई में युवक पड़ा हुआ था। वह किसी पेड़ और झाड़ियों में फंसने के बाद एक पत्थर पर गिरा था। इससे उसका सिर फट गया था। पुलिस ने फायर बिग्रेड की टीम की मदद से 100 फीट की गहराई तक उतरकर रस्सी से बांधकर घायल युवक को बाहर निकाला। ब्लड ज्यादा निकलने के कारण वह बेहोश हो गया था। पुलिस को उसे बचाकर ऊपर तक लाने में 3 घंटे का समय लग गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

