कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा शीर्ष कमांडर सहित तीन आतंकवादी मारे
जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों के साथ दो अलग-अलग मुठभेड़ों में लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष कमांडर समेत तीन आतंकवादी मारे गए है। पुलिस ने बताया कि एक आतंकवादी शोपियां में मारा गया वहीं लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर नसीरूद्दीन लोन समेत दो आतंकवादी कुपवाड़ा में मुठभेड़ में मार गिराये गए। लोन इस ासल की शुरूआत में सीआरपीएफ के 6 जवानों की हत्या में शामिल था।
जवाबी गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि शोपियां के चित्रगाम गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की गोपनीय सूचना मिली थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों ने वहां घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई जिसके बाद जवाबी गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया। वहीं अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी की पहचान और संगठन का अभी पता नहीं चल पाया है। यूबीजीएल, 4 चीनी हथगोले बरामद हुए जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया।
हंदवाड़ा के गानीपोरा क्रालगुंड क्षेत्र में 2 आतंकवादी मारे गए
इस बीच उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच एक और मुठभेड़ हुई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हंदवाड़ा के गानीपोरा क्रालगुंड क्षेत्र में ये मुठभेड़ हुई। इसमें 2 आतंकवादी मारे गए। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकवादी में एक नसीरूद्दीन लोन है जो कि 18 अप्रैल को सोपोर में सीआरपीएफ के तीन जवानों की हत्या और 4 मई को सीआरपीएफ के इतने ही जवानों की हंदवाड़ा में हत्या में शामिल था।

