एसी कोच ज्वेलरी और नगदी चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, झपकी लगते ही कर देते सामान पार, 2 चोर गिरफ्तार, 4 लाख की ज्वेलरी और नगदी जब्त
ग्वालियर. झांसी, ग्वालियर और आगरा के बीच चलने वाली ट्रेनों में एसी कोच के यात्रियों की ज्वेलरी, नगदी और मोबाइल चोरी करने वाले 2 शांतिर चोर जीआरपी ग्वालियर ने गिरफ्तार किये है। पूछताछ में इन से 5 बड़ी चोरियों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उनके पासव 4 लाख रूपये की ज्वेलरी, नगदी और मोबाइल बरामद किये हैं। गिरफ्तार आरोपी जय भगवान यादव 36, निवासी आगरा और अमित दीक्षित 26, निवासी आगरा हैं। यह ट्रेनों में यात्री बनकर यात्रा करते थे और रात में जैसे ही सहयोत्रियों को झपकी लगते ही उनका बैग लेकर गायब हो जाते।
जीआरपी ग्वालियर को खबर मिली थी कि झांसी से आगरा और ग्वालियर के बीच चोरी करने वाले गैंग के 2 सदस्य स्टेशन के आसपास देखे गये है। टीआई बबीता कठेरिया ने टीम के साथ घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में 4 लाख रूपये के गहने, मोबाइल और नगदी बरामद की है।
चोरी को ऐसे देते थे अंजाम
दोनों चोर रात के वक्त गुजरने वाली ट्रेनों के एसी कोच में रिजर्वेशन कराते थे।
शादी या समरोह से लौट रहे यात्रियों को टारगेट करते थे।
देर रात यात्रियों के सोने का इंतजार करते और फिर उनका बैग लेकर उतर जाते।
चोरों ने बड़ी चोरियां स्वीकार की
23 अक्टूबर 2024–महाकौशल एक्सप्रेस (स्लीपर कोच) से 30 हजार नकद, चांदी के गहने, मोबाइल चोरी।
18 दिसंबर 2024– श्रीधाम एक्सप्रेस (AC कोच) से मोबाइल, सोने की अंगूठी, चांदी के गहने चोरी।
14 जनवरी 2025 – श्रीधाम एक्सप्रेस (AC कोच) से 20 हजार नकद, सोने-चांदी के गहने चोरी।
29 जनवरी 2025 – तेलंगाना एक्सप्रेस से सोने की चेन, अंगूठी, 5 हजार नकद चोरी।
12 फरवरी 2025 – श्रीधाम एक्सप्रेस से सोने की झुमकी, चेन, मोबाइल, 15 हजार नकद चोरी।
थाना प्रभारी बबीता कठेरिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से हाल ही में हुई अन्य चोरियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या ये किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

