एसआइ से आरोपित छुड़ाया, बोला-ऊर्जा मंत्री का बेटा हूं, पूरे प्रदेश में राज है
ग्वालियर. पड़ाव थाना क्षेत्र के फैमिली रेस्त्रां तोष में शनिवार रात गुंडों ने उत्पात मचाया। सुरक्षा गार्डों और बाउंसर से मारपीट कर रेस्त्रां में तोड़फोड़ की। पुलिस ने रात में ही सिरोल के गार्डन पैलेस हाउसिंग सोसायटी से एक आरोपित पकड़ लिया। इस दौरान आरोपित के एक साथी ने एसआइ रामस्नेही कुशवाह को धमकाकर आरोपित को छुड़ा लिया। युवक ने एसआइ से कहा, ऊर्जा मंत्री (प्रद्युम्न सिंह तोमर) का बेटा रिपुदमन सिंह तोमर हूं। धमकी देकर युवक अपने साथ कार में आरोपित को ले गया।
पूरे प्रदेश में राज है, जो इशारे पर नहीं चलता वो सस्पेंड होता है
रेस्त्रां संचालक शक्ति सिंह चौहान की रिपोर्ट पर केस दर्ज करने के बाद पड़ाव थाना प्रभारी प्रशांत यादव ने सिरोल थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह धाकड़ से आरोपितों को पकड़ने मदद मांगी। सिरोल थाने से एसआइ रामस्नेही कुशवाह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। एसआइ से आरोपित गौरव गुर्जर को पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान एक युवक सफेद कार में आया। उसने आते ही आरोपित गौरव को गाड़ी में बैठाया। एसआइ से कहा, मैं ऊर्जा मंत्री का बेटा हूं। मेरा नाम रिपुदमन सिंह तोमर है। पूरे प्रदेश में हमारा राज है। अधिकारी हमारे इशारे पर चलते हैं, जो नहीं चलता, वह सस्पेंड होता है। एसआइ ने थाने के रोजनामचे में यह रिपोर्ट लिखी है।
रिपुदमन के आवेदन पर जांच शुरू
ऊर्जा मंत्री के बेटे रिपुदमन सिंह रविवार दोपहर में एसएसपी आफिस पहुंचे। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी एसएसपी राजेश सिंह चंदेल से फोन पर बात की। रिपुदमन ने आवेदन देकर कहा है वे कहीं नहीं गए। अगर गए हैं तो पुलिस वीडियो दिखाए। सीएसपी विजय भदौरिया ने इस आवेदन पर जांच शुरू की है। पुलिस अिधकािरयों के बयान लिए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर निकालकर ले गया
एसआइ को ऊर्जा मंत्री का बेटा बताकर आरोपित को छुड़ाने वाले युवक ने पुलिस के सामने ही सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर निकालकर अपनी कार में रख ली। ताकि उसके फुटेज पुलिस को नहीं मिलें। मौके से लौटे पुलिसकर्मियों ने रात में ही थाने के रोजनामचे में ऊर्जा मंत्री के बेटे रिपुदमन सिंह के नाम से रिपोर्ट डाल दी है। इस घटना के बाद रविवार को दिनभर एसएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारी पड़ताल में लगे रहे। रविवार को ऊर्जा मंत्री के बेटे ने भी एसएसपी राजेश सिंह चंदेल से उनके कार्यालय पहुंचकर मुलाकात की और अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह किसी को बचाने के लिए नहीं गए। रिपुदमन सिंह तोमर ने एसएसपी को जांच के लिए शिकायती आवेदन भी दिया है।
आरोपित को पकड़ने के लिए कोई युवक ऊर्जा मंत्री के बेटे के नाम से धमका रहा था। रिपुदमन सिंह तोमर ने आकर शिकायत की है। उन्होंने जांच की मांग की है। जांच कराई जा रही है।
राजेश सिंह चंदेल, एसएसपी, ग्वालियर
मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। मेरा बेटा कहीं नहीं गया। इस मामले से हमारा कोई संबंध नहीं है।
प्रद्युम्न सिंह तोमर, ऊर्जा मंत्री, मध्यप्रदेश

