एक्टिवा की डिग्गी से 2 लाख 50 हजार रूपये चोरी, बच्चों के लिये मोमोज लेने के लिये रूके थे
ग्वालियर. लोहिया बाजार में एक लोका व्ययसाई की एक्टिवा की डिग्गी खोलकर चोर ढाई लाख रूपये ले गये। घटना रविवार की रात की है। चोर ने सिर्फ 5 मिनट में घटना को अंजाम दे दिया है। व्यापारी की दुकान से घर के लिये निकला था। रास्ते में बच्चों के लिये मोमोज लेने के लिये रूक गया। इस दौरान चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।
क्या है मामला
शहर के माधव प्लाजा जिंसी नाला नंबर 2 स्थित गीता भवन निवासी ओमप्रकाश (75) पुत्र लक्ष्मीनारायण गुप्ता लोहा कारोबारी हैं। उनकी लोहियाबाजार में ओम आयरन स्टोर के नाम से शॉप है। रविवार की रात वह दुकान से काम खत्म करने के बाद वापस घर जा रहे थे। दिन भर की सेल के 2-50 रुपए उन्होंने अपनी एक्टिवा की डिक्की में रख लिए थे। अभी वह बाजार से निकल ही रहे थे कि उनके पास घर से फोन आया और बच्चों ने मोमोज लाने के लिए कहा। जिस पर वह बाजार के कॉर्नर पर मोमोज लेने के लिए रुक गए। मोमोज खरीदकर वापस आए तो गाड़ी की डिक्की खुली पड़ी थी और उसमें रखे 2-50 रुपए गायब थे। मामला समझ में आते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुए 2 संदिग्ध
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो व्यापारी की एक्टिवा के पास खड़े 2 युवक नजर आये हैं। इनमें से एक डिग्गी खोलकर रूपये निकलाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निगरानी में लेकर चोरी करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।
दो दिन पहले जनकगंज में हुई थी वारदात
यह पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी लगातार इस तरह एक्टिवा की डिक्की से कैश चोरी की वारदात होती रही हैं। अभी दो दिन पहले जनकगंज थाना क्षेत्र के मोर बाजार में रिटायर्ड शिक्षाकर्मी की एक्टिवा का लॉक तोड़कर चोर 80 हजार कैश ले गया था। इस मामले में पुलिस को अभी तक सफलता नहीं मिली है।

