उमर सिंघार के लिये कमलनाथ सहित एकजुट हुए कांग्रेसी, कमलनाथ ने कहा-कानूनी चक्रव्यूह में फंसाना चाह रही सरकार
भोपाल. सोनिया भारद्वाज के आत्महत्या केस में फंसे मप्र के पूर्व वनमंत्री और गंधवानी से विधायक उमंग सिंघार के लिये कांग्रेस एकजुट हो गयी है। उमंग सिंघार के पक्ष में गुरूवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस कमेटी और विधायकदल के पूर्वमंत्री व विधायक भोपाल में एकत्रित हुए। सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ से मुलाकात की। बैठक में सिंघार के खिलाफ राजनीतिक विद्रोह की भावना से दर्ज एफआईआर वापिस लेने के लिये रणनीति बनाई गयी।
पार्टी इस मुद्दे को आक्रामक तरीके से उठाना चाहती है। इसके पीछे मुख्य वजह सोनिया के बेटे आर्यन का सिंघार के साथ खड़ा होना है। इससे 2 दिन पहले पूर्व मंत्री जीतू पटवारी समेत 5 विधायक डीजीपी से उमंग सिंघार के खिलाफ कार्रवाई राजनीति से प्रेरित बताते हुए मुलाकात कर चुके हैं। शाहपुरा पुलिस ने उमंग सिंघार को सोनिया को आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में आरोपी बनाया है। कमलनाथ कहना था कि मृतका सोनिया के बेटे आर्यन और उसकी मां के बयान के बाद स्पष्ट हो गया है कि मामले में विधायक सिंघार के खिलाफ बिना ठोस साक्ष्य के ही मामला दर्ज किया गया। यह राजनीतिक विद्वेष की भावना से किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से भी मेरा यही कहना है, मामले को राजनीतिक दुर्भावना से नहीं देखा जाना चाहिए।

