उज्जैन में मंदिर, रतलाम में रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म डूबा
भोपाल. प्रदेश में गुरूवार को भी भारी बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इंदौर में लगातार हो रही बारिश की वजह से कान्ह नदी का जलस्तर बढ गया है। कृष्णपुरा पुल के पास दो लोग फंस गए थे जिन्हें नगर निगम और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू किया। उज्जैन में क्षिप्रा का जलस्तर बढने से घाट किनारे के मंदिर डूब गए है और उनके गुंबद तक पानी आ गया है। प्रशासन ने लोगों को घाटों से दूर रहने की चेतावनी दी है। वहीं रतलाम में रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पानी में डूब गया है। जनता कॉलोनी, पीएंडटी कॉलोनी, जवाहर नगर समेत कई रिहायशी इलाकों में भी पानी भर गया है साथ ही गृहस्थी का भी सामान डूब गया है। पलसोडा गांव पूरी तरह पानी में डूबा है।
26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अगले 24 घंटे के दौरान झाबुआ, अलीराजपुर, बडवानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास और सीहोर में अति भारी बारिश होने का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में साढे 8 इंच तक पानी गिर सकता है।

