इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की सूचना पर राज्य सायबर सेल की मदद से युवती की जान बचाई गई
भोपाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राज्य सायबर सेल पुलिस मुख्यालय भोपाल श्री योगेश देशमुख ने बताया कि 14 मई रविवार को मेटा (फेसबुक), USA के माध्यम से राज्य सायबर सेल को सूचना प्राप्त हुई कि एक युवती जो कि मध्यप्रदेश, भारत की निवासी है, के द्वारा इंस्ट्रागाम पर आत्मदाह करने की पोस्ट अपलोड की गई है। जिसकी सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुये राज्य सायबर सेल की टीम ने दी गई सूचना को टेक्निकल एनालिसिस द्वारा डिकोड कर युवती का पता / ठिकाना मालूम किया तो पता चला कि उक्त युवती सिंगरौली जिले की रहने वाली है। इस पर तत्काल राज्य सायबर सेल द्वारा सिंगरोली पुलिस अधीक्षक को युवती के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई।
राज्य सायबर सेल की टीम द्वारा उपलब्ध सूचना के आधार पर सिंगरौली पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए जिले की नर्सिंग छात्रा की तस्दीक की गई और पता चला कि युवती द्वारा पारिवारिक कारणों से परेशान होकर यह पोस्ट अपलोड की गई थी। सिंगरौली पुलिस द्वारा युवती की काउंसलिंग भी की गई है। राज्य सायबर सेल की टीम लगातार इस तरह के मामलों में तेजी से कार्यवाही करते हुये लोगो को सुरक्षा प्रदान कर रही है।

