आधी रात को ग्वालियर ले गए Paytm मैनेजर का शव
ग्वालियर. इंदौर में पेटीएम कंपनी के फील्ड मैनेजर ने खुदकुशी कर ली। रविवार को उनका शव घर में ही फंदे पर लटका मिला। वे ग्वालियर के रहने वाले थे। सुबह ग्वालियर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक का नाम गौरव गुप्ता (40) पिता सुरेश गुप्ता है। जो इंदौर की स्कीम नंबर 78 में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वे जॉब को लेकर परेशान थे। हालांकि परिजनों ने बताया कि गौरव ने उन्हें कह रखा था कि पेटीएम में उन्हें कोई परेशानी नहीं है। सुसाइड को लेकर अभी किसी तरह के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं।

पत्नी ने कहा- नौकरी जाने का था डर
लसूड़िया टीआई तारेश सोनी के मुताबिक गौरव इंदौर में ही पेटीएम ऑपरेशन फील्ड मैनेजर थे। पत्नी ने पुलिस को दी प्रारंभिक जानकारी में कहा है कि वे कुछ दिन से जॉब को लेकर डिप्रेशन में थे। उन्हें नौकरी जाने का डर था। आशंका है कि इसी कारण से उन्होंने सुसाइड किया है। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के अधिकारियों के भी बयान लेने की बात कही है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
इंदौर में Paytm कंपनी के फील्ड मैनेजर गौरव गुप्ता की मौत के बाद परिवार सदमे में है। उनके माता-पिता हार्ट पेशेंट हैं। इस कारण करीब 16 घंटे तक उन्हें नहीं बताया गया कि बेटा इस दुनिया में नहीं रहा। रात करीब डेढ़ बजे जब शव ग्वालियर में घर लाया गया, तब उन्हें पता चला। मंगलवार अलसुबह करीब 4 बजे अंतिम संस्कार हुआ।

