आईजी और एसपी कॉफ्रेंस के बाद अधिकारियों में तबादले की सुगबुगाहट
भोपाल. 1 फरवरी को सीएम के साथ हुई आईजी-एसपी कॉफ्रेंस के बाद अब आईपीएस अधिकारियों के तबादले किये जाने की सुगबुगाहट तेज हो गयी है। इसमें सबसे पहले इन्दौर पुलिस कमिश्नर समेत जबलपुर, ग्वालियर रेंज के एडीजी प्रभावित हो सकते हैं। इन तीनों जगहों के एडीजी और आईजी को दूसरी रेंज की जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं 3 वर्षो से जमे एक ही जिले में पूरे कर चुके 2 पुलिस अधीक्षकों के भी तबादले किये जायेंगे। इनके साथ ही एक जनवरी को एसपी से पदोन्नत होकर डीआईजी बने अधिकारियों के भी तबादले किये जाने हैं। इनके 4 रेंज के अलावा दो और रेंज के आईजी बदले जा सकते हैं।
एडीजी-आईजी बदले जा सकते हैं
इन्दौर पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा को जबलपुर पुलिस रेंज की कमान दी जा सकती है। ग्वालियर एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा इन्दौर के अगले पुलिस कमिश्नर हो सकते हैं। जबलपुर एडीजी उमेश जोगा को ग्वालियर रेंज की कमान दी जा सकती है। चम्बल रेंज के एडीजी राजेश चावला को भी पुलिस मुख्यालय पदस्थ किया जा सकता हैं।
डीआईजी को मिलेगी नयी पोस्टिंग
इस वर्ष जनवरी को सागर एसपी तरूण नायक, रीवा एसपी नवनीत भसीन, सीधी एसपी मुकेश श्रीवास्तव, विदिशा एसपी मोनिका शुक्ला, एसपी कटनी सुनील जैन, एसपी राजगढ़ अवधेश गोस्वामी और इन्दौर के डीसीपी मुकेशचद्र जैन पदोन्नत होकर डीआईजी बनाये गये है। फिलहाल इन्हें पदोन्नति के बाद भी जिलों में ही पदस्थ रखा गया है। इनमें से कुछ अधिकारियों को डीआईजी रेंज भेजा जाना है। इन जिलों में नये अघिकारियों को पदस्थ किया जायेगा। इसमें अवधेश गोस्वामी इंदौर एडिश्नल डीसीपी बन सकते हैं। वहीं विदिशा एसपी के लिये निवेदिता नायडू या संजीव सिन्हा जा सकते हैं।
इन्हें भी बदला जा सकता है
वहीं शिवपुरी एसपी राजेशसिंह चन्देल को सागर जिले का कप्तान बनाया जा सकता है। इन्हें शिवपुरी से 3 वर्ष से अधिक का समय हो गया है। वहीं धार पुलिस अधीक्षक आदित्यप्रताप सिंह को किसी बड़े जिले की कमान दी जा सकती है। हरदा एसपी मनीष सिंह के भी इस जिले में 3 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्हें भी बदला जा सकता है, इनके अलावा यह भी चर्चा है कि इन पुलिस अधीक्षकों को ढाई साल या उससे अधिक का समय जिलों में हो चुका है। उन्हें भी बदले जाने की संभावना है। इसमें एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी, एसपी सिंगरौली वीरेन्द्रकुमार सिंह, एसपी टीकमगढ़ प्रशांत खरे, एसपी जबलपुर सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी बैतूल सिमाला प्रसाद, एसपी आगर मालवा राजेश सगर, एसपी बुरहानपुर राहुल लोढ़ा, एसपी खंडवा विवेक सिंह को भी बदला जाना है।

