अवैध नशे पर प्रहार: एक करोड़ 22 लाख रुपए की प्रतिबंधित कोरेक्स सीरप पुलिस ने की जब्त
आरोपियों ने गोदाम में भर रखी थी प्रतिबंधित दवाओं की 72000 नग शीशियां
भोपाल/रीवा, मध्यप्रदेश में नशे का अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पूरे प्रदेश में सतत् कार्रवाई जारी है। इसी अनुक्रम में रीवा पुलिस ने प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार करने वाले पिता-पुत्र को सागर जिले से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों से पुलिस ने एक करोड़ 22 लाख 40 हजार रुपए की 800 पेटी प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट व मप्र ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पूछताछ आरंभ कर दी है।
पिता-पुत्र कर रहे थे नशीली दवाओं का कारोबार
दरअसल सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले अरविंद पिता स्व. हजारीलाल जैन व उसका बेटा सिटीजन उर्फ सत्तू जैन द्वारा नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने की सूचना पुलिस को मिली। वह प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई रीवा तक करते थे। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की गई, जिसमें पाया गया कि रीवा में सप्लाई की जाने वाली नशीली कफ सिरप का लिंक टाटा फार्मा मेडिकल एजेन्सी (फर्म) अरविन्द जैन जिला सागर का होना पाया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों आरोपीगणों से बारीकी से पूछताछ की गई।
रीवा के सरगना के माध्यम से करते थे तस्करी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया की वह प्रतिबंधित नशीली दवाओं का अवैध कारोबार रीवा के सरगना के माध्यम से करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पर आरोपीगणों के सागर स्थित गोदाम में पुलिस ने दबिश दी। यहां पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतिबंधित दवाओं के 72000 नग जब्त किए। जिनकी कीमत एक करोड़ 22 लाख 40 हजार रुपए है। अभी तक की विवेचना में पुलिस द्वारा अन्य सभी जरूरी विभागों से संपर्क स्थापित किया जा रहा और उच्च स्तरीय विवेचना की जा रही है।

