अग्निवीर सेना भर्ती परीक्षा में ग्वालियर, भिंड-मुरैना सहित 13 के शहरों 2488 युवा हुए शामिल, परीक्षा केन्द्र के 300 मीटर इलाका सील
ग्वालियर. मुरार सेना छावनी स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में रविवार को सेना की अग्निवीर परीक्षा हुई है। परीक्षा का समय 11 से 12 बजे का था, लेकिन अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र पहुंचने का समय सुबह 4 बजे का था। सुबह 5 डिग्री सेल्सियस में हाड़ कपा देने वाली ठंड के बीच 5 बजे तक परीक्षा केन्द्र का मैदान भर गया था। इसके बाद परीक्षार्थियों का वैरीफिकेशन शुरू हुआ। एक-एक दस्तावेज जांच में लिए गए। जिन परीक्षार्थी के चेहरे पर दाढ़ी नजर आई उन्हें वापस कर दिया। इसके बाद मैदान में खड़े कर सभी परीक्षार्थियों की ड्रोन से वीडियोग्राफी कराई गई जिससे कोई माहौल बिगाड़ने का प्रयास करे तो सभी के चेहरे पुलिस के पास हों। फिलहाल 12 बजे हालात सामान्य हैं और कहीं से कोई माहौल बिगाड़ने वाली खबर नहीं है। परीक्षा केन्द्र के 300 मीटर के इलाके को सील कर दिया गया है। वहां किसी को आने जाने की इजाजत नहीं थी। सेना व पुलिस के अफसर बार-बार सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं।
परीक्षा में 13 जिलों के 2488 युवा शामिल हुए
सेना में भर्ती के लिए अग्निवीर परीक्षा रविवार को ग्वालियर के आर्मी स्कूल में हुई है। परीक्षा में ग्वालियर, भिंड, मुरैना सहित 13 जिलों के 2488 युवा शामिल हुए हैं। अग्निवीर भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए रविवार सुबह 4 बजे से अभ्यर्थियों परीक्षा केन्द्र पहुंच गए थे। उस समय शहर में कड़ाके की ठंड थी। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। 4 बजे से परीक्षार्थी केन्द्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे। जहां उनके दस्तावेज व फोटो, एडमिट कार्ड आदि सभी का मिलान करने के बाद उन्हें गेट से अंदर प्रवेश दिया गया। इस दौरान जिस उम्मीदवार के दस्तावेज मंे कमी नजर आई उन्हें बाहर कर दिया गया। इतना ही नहीं जिनके चेहरे पर दाढ़ी नजर आई उनको भी परीक्षा केन्द्र से बाहर कर दिया गया। इसके बाद मैदान में सामूहिक रूप से सभी को खड़ा कर वीडियोग्राफी कराई गई है।
परीक्षा केन्द्र के 300 मीटर के दायरे में आने-जाने पर रही पाबंदी
अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र में निर्धारित सिटिंग प्लान के अनुसार ही बैठे। सिटिंग प्लान परीक्षा केन्द्र के बाहर बोर्ड पर प्रदर्शित किया गया था। परीक्षा केन्द्र के 300 मीटर के दायरे में उम्मीदवार के किसी भी रिश्तेदार या मित्र को आने की अनुमति नहीं दी गई। इतना ही नहीं बड़ागांव, खुरैरी, बिजौली से आने वाले लोगों को भी आर्मी एरिया से नहीं निकलने दिया। उनको रास्ता बदलकर ही जाना पड़ा।
शहर में भी रहा अलर्ट
अग्निवीर भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते पुलिस रात से ही अलर्ट थी। शहर के दोनों बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बिरला नगर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात थी। पुलिस हर आने जाने वाले से पूछताछ करती नजर आई। साथ ही परीक्षा केन्द्र के आसपास लोगों को गुट में खड़े नहीं होने दिया जा रहा था।

