अग्निवीर भर्ती में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा, 30 युवक ब्लैक लिस्टेड
ग्वालियर. फर्जी तरीके से पीएमटी, पुलिस भर्ती के बाद अब सेना की अग्निवीर भर्ती परीक्षा में भी अंचल बदनाम हुआ है। सेना ने अग्निवीर की भर्ती परीक्षा में जाली दस्तावेज के जरिए शामिल हुए 30 परीक्षाथियों को पकड़ा है। इनमें ज्यादातर ने अपनी उम्र को छिपाने के लिए नकली मार्कशीट पेश की हैं। जालसाजी करने वालों में सबसे ज्यादा भिंड और मुरैना के हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 27 अगस्त से 6 सितंबर तक अग्निवीर की भर्ती की शारीरिक परीक्षा हुई थी। इस दौरान परीक्षार्थियों के मूल दस्तावेज जमा कराए गए थे। अब इन दस्तावेजों की जांच चल रही है। उसमें सामने आया कि 30 परीक्षार्थियों ने आवेदन के वक्त जो दस्तावेज पेश किए थे वह फर्जी हैं।
पैरा कमांडो में ग्वालियर आगे
अग्निवीर भर्ती परीक्षा में 841 परीक्षार्थी चयनित हुए हैं। इनमें 44 छात्रों का पैरा कमांडो के लिए चुना गया है। इनमें अभी तक ग्वालियर एआरओ (13 जिले) में 30, भोपाल एआरओ 8 और जबलपुर एआरओ से 6 परीक्षार्थी चुने गए हैं।
यह होगी कार्रवाई
फर्जी दस्तावेज के जरिए अग्निवीर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वालों को पहचाना गया है। सभी को सेना में ब्लैक लिस्टेड किया जा रहा है। फर्जीवाड़ा करने वाले जिस जिले के रहने वाले हैं। उनके जिला प्रशासन और पुलिस को भी जानकारी दी जा रही है।
अपनी उम्र छुपाकर परीक्षा में हुए शामिल
जालसाजी में पकड़े गए ज्यादातर परीक्षार्थी ओवर एज निकले हैं। इन लोगों ने अग्निवीर भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए जन्मतिथि में हेरफेर कर नकली मार्कशीट बनवाई हैं। इसके अलावा कुछ अयोग्य परीक्षार्थियों ने 10 वीं और 12 वीं की जाली अंकसूची बनवा कर परीक्षा दी है।

