हिट एंड रन-तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को कुचला जिसमें साले की मौत और जीजा घायल
ग्वालियर. एक बार पुनः तेर रफ्तार कार ने एक जिन्दगी छीन ली है। जबकि एक युवक जिन्दगी और मौत के बीच झूल रहा है। बाइक सवार जीजा-साले मकर संक्रांति पर अपने घर पुरानी छावनी लौट रहे थे। लेकिन जलालपुर के पास अज्ञात वाहन उनको रौंदता हुआ निकल गया। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात 1 बजे की है।
घटना में साले की मौत हो गयी है। जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया है।घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है। जहां एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्या है घटनाक्रम
शहर के पुरानी छावनी क्षेत्र के सुंदरलाल का मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय मनीष कुमार, पुत्र सोनेराम, एक निजी कंपनी में काम करता था। सोमवार को वह किसी काम से अपने बहनोई सूरज सिंह के साथ डबरा गया था। काम पूरा करते-करते रात हो गई, जिसके बाद दोनों बाइक से ग्वालियर लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे जलालपुर तिराहे के पास, घर से कुछ किलोमीटर पहले, एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे की सूचना पर बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि मनीष की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सूरज सिंह का इलाज जारी है।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर है घर
जहां एक्सीडेंट हुआ है उससे 4 किमी की दूरी पर मृतक का घर था। वह घर पहुंचने ही वाले थे। लेकिन उससे पहले ही जलालपुर तिराहा पर तेज रफ्तार वाहन ने मौत बनकर आ घेरा। घर पर सभी दोनों का इंतजार कर रहे थे। लेकिन पहुंची सड़क दुर्घटना की खबर।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है
आरोपी वाहन का पता लगाने के लिये पुलिस आस-पास लग सीसीटीवी तलाश रही है। जिससे आरोपी वाहन चालक की पहचान हो सके और उसके खिलाफ कार्यवाही की जा सके। सुबह तक पुलिस को एक भी कैमरे में टक्कर कारने वाली गाड़ी स्पॉट नहीं हुई थी।

