हाथ में तलवार लेकर SP ऑफिस पहुंचा युवक बोला मेरी जान को खतरा है, गुण्डे पीछे लगे है
ग्वालियर. एक युवक हाथ में तलवार लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंच गया। उसे देखकर वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से तलवार छींनकर अपनी निगरानी में ले ली। युवक के साथ उसकी पत्नी और बच्चा भी था।
पुलिसकर्मियों ने जब उससे तलवार साथ में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका नाम रामवीर नरवरिया है। वह डीडी नगर के मकान नम्बर जीएल-1136 में निवास करता है। उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा है। इसलिये वह न्याय की गुहार लगाने के लिये आया है। अपनी सुरक्षा के िलये उसे तलवार साथ रखनी पड़ती है।
अफसरों ने कार्रवाई का दिलाया भरोसा
हालांकि, पुलिस अधिकारी ने इसकी शिकायत सुनने के बाद उसे भरोसा दिलाया है कि अब उसे इस तरह हाथ में तलवार लेकर नहीं घूमना पड़ेगा। पुलिस उसके साथ मारपीट करने वाले लोगों पर कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए हैं।
युवक बोला- बदमाश उसे आए दिन पीटते हैं
रामवीर ने बताया एक महीने से वह हरेंद्र नरवरिया और उसके साथियों से परेशान है। इन लोगों से न ही उसकी दोस्ती है न ही दुश्मनी। इसके बावजूद भी हरेंद्र और उसके साथी बिना वजह उसे मारते-पीटते हैं। इतना ही नहीं 3 सितंबर को सुबह करीब 4.30 बजे हरेंद्र सिंह अपने 4-5 लोगों को लेकर उसके घर में जबरन घुस आया था और उसे बिस्तर से उठाकर अपने साथ ले गए। घर से ले जाने के बाद हरेंद्र और उसके साथियों ने उसकी लाठी और बंदूक के बट से मारपीट की थी। हरेंद्र और उसके साथी आए दिन उसके साथ मारपीट करते रहते हैं। इसी कारण वह अपनी सुरक्षा के लिए हाथ में तलवार लेकर घूम रहा है।

