सराफा कारोबारी के घर चोर सोने व चांदी के जेवर सहित 15 लाख का माल पार किया
ग्वालियर. बीमार पत्नी का उपचार कराने के लिए दिल्ली लेकर गए सराफा कारोबारी के घर पर धावा बोलकर चोर सोने व चांदी के जेवर सहित करीब 15 लाख रुपए का माल पार कर ले गए। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के चेतकपुरी की है। घटना का पता कारोबारी के वापस आने पर चला। जब ताले टूटे हुए मिले और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है जिससे चोरों की तलाश की जा सके।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के चेतकपुरी एफ 6 निवासी अनुज भोला पुत्र महेन्द्र कुमार सराफा कारोबारी है और उनकी सराफा बाजार में आनंद ज्वैलर्स के नाम से शॉप है। पास ही जे 2 में उनके भाई आनंद भोला रहते है। 31 दिसम्बर को आंनद की पत्नी सिम्मी भोला की तबियत ज्यादा खराब होने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां पर उनकी हालत गंभीर होने से उन्हें उपचार के लिए दिल्ली रैफर किया गया था। जिस पर पूरा परिवार घर पर ताले डालकर दिल्ली गए थे। बीते रोज जब वह वापस आए तो पता चला कि घर के ताले टूटे हुए है और सारा सामान बिखरा पड़ा था। मामला समझ में आते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

