शिवरात्रि से शुरू होगा उल्लास, होली तक रहेगी धूम
ग्वालियर. फाल्गुन माह का शुभारंभ 5 फरवरी से हो रहा है। यह माह भगवान शिव और श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम, उल्लास और दान-पुण्य के लिए विशेष महत्व रखता है। फाल्गुन की शुरुआत के साथ ही शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में तेजी आ गई है।
फाल्गुन माह में महाशिवरात्रि, होलाष्टक, होलिका दहन और रंगों का पर्व होली जैसे प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा, जिसे लेकर शिव मंदिरों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर समितियां साफ-सफाई, सजावट, जल, दुग्ध, बेलपत्र और प्रसाद की व्यवस्थाओं में जुटी हुई हैं।
होलिका दहन 3 मार्च को होगा, जबकि 4 मार्च को रंगों का पर्व होली मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 24 फरवरी से होलाष्टक शुरू हो जाएंगे, इस दौरान शुभ कार्यों पर रोक मानी जाती है। इसी कारण लोग होलाष्टक से पहले विवाह, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्य पूरे करने की योजना बना रहे हैं।
ब्रज की होली का आकर्षण
होलिका पर्व को लेकर इस बार भी बड़ी संख्या में लोग ब्रज, मथुरा और वृंदावन जाने की तैयारी कर रहे हैं। लट्ठमार होली, फूलों की होली और रंगोत्सव का आनंद लेने के लिए ट्रैवल एजेंसियों में पूछताछ बढ़ गई है।
नवविवाहित जोड़ों में उत्साह
फाल्गुन में नवविवाहित जोड़े पहली होली को खास बनाने की तैयारी में जुटे हैं। फोटोशूट, पारिवारिक आयोजन और यात्रा की योजनाएं बनाई जा रही हैं। बाजारों में रंग-गुलाल, पिचकारी और होली से जुड़ी सामग्रियों की मांग बढ़ने लगी है।
फाल्गुन माह के प्रमुख पर्व
5 फरवरी : सकंट चतुर्थी
9 फरवरी : कालाष्टमी, जानकी जयंती
13 फरवरी : विजय एकादशी, कुम्भ संक्रांति
14 फरवरी : प्रदोष व्रत (कृष्ण पक्ष)
15 फरवरी : महाशिवरात्रि
17 फरवरी : फाल्गुन अमावस्या
24 फरवरी : होलाष्टक प्रारंभ
27 फरवरी : आमलकी एकादशी
28 फरवरी : प्रदोष व्रत
3 मार्च : फाल्गुन पूर्णिमा, होलिका दहन
4 मार्च : होली

