शिवराज और वीडी के गले मिलने के मायने, वीडी चुप, लेकिन चेहरे पर मुस्कान
भोपाल. सियासत में कोई भी सीन, नेताओं के बोल वचन, उनके अंदाज यूं ही नहीं होते। हर बात के खास मायने होते हैं। हाल ही में एक ऐसा ही सीन सियासी गलियारे में सुर्खियों में रहा। नजारा कुछ यूं था। प्लेन है, प्लेन के अंदर सीएम शिवराज सिंह और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा हैं। शिवराज, वीडी के गले में हाथ डालकर मुस्कुराते हुए जनता को नर्मदा जयंती की बधाई दे रहे हैं। वीडी शर्मा चुप हैं, लेकिन चेहरे पर मुस्कान है।
सीएम कह रहे वीडी शर्मा भी मेरे साथ
अब हर कोई इस वीडियो की अपने-अपने हिसाब से व्याख्या कर रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं, मायने भी निकाले जा रहे हैं। मसलन, सीएम शिवराज सिंह चाहते तो अकेले वीडियो बनाकर जनता को बधाई दे सकते थे। वे चाहते तो दोनों आसपास खड़े होकर वीडियो बनवा सकते थे। एक साथ संदेश जारी करने के ‘ऊपर’ से निर्देश थे या फिर इसकी कोई और वजह। वीडियो में सीएम शिवराज कह रहे हैं कि मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मेरे साथ में हैं। संदेश साफ है कि सत्ता और संगठन साथ है। बीजेपी के एक नेता के मुताबिक, यह वीडियो सियासी रणनीति को ध्यान में रखकर जारी किया गया था। दरअसल, सत्ता और संगठन के प्रदेश प्रमुखों के बीच बढ़ती जा रही दूरियों के चलते चुनावी नुकसान की आशंका को केंद्रीय नेतृत्व ने भांप लिया था। दिल्ली तक भी शिकायतें पहुंची। ऐसे में मंत्री-विधायक, पार्टी के नेता-कार्यकर्ताओं के बीच जो संदेश जा रहा था, उसे गलत साबित करने के लिए यह जरूरी था।

