शहर के नए वार्डों की उम्मीदों को पूरा करने में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी – श्री कुशवाह
ग्वालियर शहर में जिस उम्मीद के साथ ग्रामीण वार्डों को शामिल किया गया था, उन उम्मीदों को पूरा करने में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। शहर के नए वार्डों के सुनियोजित विकास में केन्द्र व राज्य सरकार से नगर निगम को भरपूर धनराशि मुहैया कराई जायेगी। यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह शहर के वार्ड-66 के अंतर्गत लखनौती खुर्द व नागौर में अलग-अलग आयोजित हुए सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। दोनों कार्यक्रमों की अध्यक्षता महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने की। इस अवसर पर महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि हम सब दलगत भावना से ऊपर उठकर शहर के विकास में योगदान देंगे। नगर निगम से नए वार्डों के विकास में हर संभव सहयोग मिलेगा।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह एवं महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने मंगलवार की सांध्यबेला में आयोजित हुए कार्यक्रमों के दौरान शहर के वार्ड-66 के अंतर्गत लखनौती खुर्द में 29 लाख रूपए की अधिक लागत से बनने जा रहे डाम्बरीकृत सड़क मार्ग की आधारशिला रखी। इससे पहले उन्होंने इसी वार्ड के नागौर गाँव में लगभग 24 लाख रूपए लागत की सीसी रोड़ का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती ऊषा मावई, गिर्राज कंषाना, राजकुमार घुरैया, रमेश शर्मा व जितेन्द्र गुर्जर सहित अन्य क्षेत्रीय बस्तियों के निवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार ने घोषणा की कि शहर के वार्ड-66 के अंतर्गत ग्राम बड़ोरी, नागौर व लखनौती के समीप जल्द ही स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण किया जायेगा, जिससे इस क्षेत्र के निवासियों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिये बड़े अस्पताल जाने की जरूरत नहीं रहेगी।

