विधायक दल की बैठक से पहले सामने आए मतभेद, क्या आज हो पाएगा अगले सीएम का फैसला
जयपुर. अशोक गहलोत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें राजस्थान का मुख्यमंत्री पद छोड़ना होगा। सवाल यह है कि अशोक गहलोत के बाद राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। जवाब आज जयपुर में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक से मिल सकता है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक प्रदेश पार्टी प्रभारी अजय माकन के साथ ही मल्लिकार्जुन खड़गे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि अशोक गहलोत गुट और सचिन पायलट गुट अपनी-अपनी राय रखेगा। पार्टी आलाकमान को भी दखल देना पड़ सकता है क्योंकि कहा जा रहा है कि अशोक गहलोत इतनी आसानी से सचिन पायलट के लिए सीएम बनने की राह साफ नहीं करेंगे।
बैठक से पहले पार्टी की अंदरूनी कलह भी सामने आई है। मौजूदा सरकार में मंत्री सुभाष गर्ग ने कहा, ‘कांग्रेस आलाकमान जो भी फैसला करेगा, उसे हर कोई स्वीकार करेगा, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि कैसे 2 साल पहले राज्य सरकार को गिराने के लिए बीजेपी के साथ गठबंधन में साजिश रची गई थी।’ उनका इशारा साफतौर पर सचिन पायलट की तरफ था।
अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट
सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच शुरू से तनातनी रही है। सचिन पायलट ने तो एक बार बगावत करने की कोशिश भी की थी, लेकिन कामयाब नहीं रहे। उन्हें प्रदेश की कमान सौंपने से पहले इन सब बातों पर भी गौर किया जाएगा। सवाल यह भी है कि क्या मुख्यमंत्री बनने के बाद पायलट सभी विधायकों को साध कर चल पाएंगे। क्या अशोक गहलोत समर्थक विधायक पायलट को अपना नेता मान लेंगे।

