LatestNewsराज्य

विदा लेता मानसून करेगा धमाका, ग्वालियर, रीवा सहित 13 जिलों में बारिश का अलर्ट

भोपाल. मध्य प्रदेश से मानसून की विर्दा का सिलसिला शुरू हो चुका है। बादल छंटने से धीरे-धीरे मौसम भी साफ होने लगा है। धूप निकलने से दिन का तापमान बढने लगा है। उमस भी महसूस होने लगी है। गुरूवार को प्रदेश में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले तीन दिन में भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों से भी मानसून की वापसी संभव है। बांग्लादेश के पास शुक्रवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार है। उसके प्रभाव से दो दिन बाद जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में बांग्लादेश के आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके शुक्रवार को कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है।
इन क्षेत्रों में हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इस मौसम प्रणाली के असर से सात अक्टूबर के आसपास जबलपुर, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश को सिलसिला शुरू हो सकता है। शेष क्षेत्रों में बादल छा सकते हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून ग्वालियर, मुरैना, दतिया, शिवपुरी और श्योपुरकलां से जा चुका है। बांग्लादेश के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश से अभी लगभग 10 दिन तक मानसून की वापसी की उम्मीद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *