वित्त मंत्री समेत बीजेपी नेताओं की चुनाव आयोग में शिकायत, कांग्रेस ने प्रचार थमने के बाद भी प्रचार का लगाया आरोप
भोपाल. कांग्रेस ने वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, विधायक पारस जैन और बीजेपी संगठन मंत्री हितानंद शर्मा को चुनाव आयोग में शिकायत की है। कांग्रेस का आरोप है कि ये सभी नेता नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार थमने के बाद भी रतलाम में रूककर प्रचार कर रहे है। कांग्रेस महामंत्री और चुनाव आयोग कार्या प्रभारी जेपी धनोपिया ने शिकायत में कहा है कि 11 जुलाई शाम 5 बजे से प्रचार प्रतिबंधित है इसके बाद भी भाजपा संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा व विधायक पारस जैन यहां रूककर प्रचार कर रहे हैं और चुनाव प्रबंधन का कार्य कर रहे हैं।कांग्रेस ने इनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा कांग्रेस ने एक अन्य शिकायत कर नगर निगम भोपाल चुनाव में कम प्रतिशत मतदान होने के कारण जिला प्रशासन द्वारा कर्तव्य मतपत्र (पोस्टल वाेट्स) में बड़े पैमाने पर धांधली किए जाने की संभावना जताई है।
उधर, पीसीसी चीफ के समन्वय नरेंद्र सलूजा ने वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा का वीडियो ट्वीट किया है। साथ ही लिखा- रतलाम में चुनाव प्रचार समाप्त हो जाने के बाद भी रुककर बैठकें ले रहे प्रदेश के वित्त और आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा को स्थानीय जनता ने घेरा। मंत्री जी भीड़ का सामना नहीं कर पाये , निकल भागे।

