Uncategorized

विजय दिवस के उपलक्ष्य में BSF में खुला मंच का आयोजन

ग्वालियर 16 दिसंबर को सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर के प्रांगण में, 1971 के भारत पाक युद्ध के दौरान शहीद हुए अमर वीरों को श्रद्धांजलि देकर विजय दिवस पर खुला मंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश पुलिस पूर्व पुलिस महानिदेशक, डॉ विक्रम सिंह, (सेवानिर्वित), ने शिरकत की साथ में सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर अतिरिक्त महानिदेशक, निदेशक, सेवांग नामग्याल ने मंच सांझा किया। कार्यक्रम के शुरुआत में सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों ने द्वीप प्रज्जवलित किया तत्पश्चात् नागरिक परिषद् के गणमान्य सदस्यों द्वारा सीमा सुरक्षा बल के 1971 के भारत पाक युद्ध में शहीद हुये योद्धाओं को पुष्पांजलि अर्पित की गई। सीमा सुरक्षा बल अकादमी प्रतिवर्ष 16 दिसम्बर को विजय दिवस के रूप में मनाता आ रहा हैं। इस दिन स्व० आरके वाधवा, सहायक कमाण्डेंट सीमा सुरक्षा बल के महावीर चक्र विजेता तथा सीमा सुरक्षा बल के उन अधिकारियों व अन्य कार्मिकों के सर्वोच्च बलिदान व अमूल्य योगदान को स्मरण किया जाता है जिन्होंने सन् 1971 में भारत पाकिस्तान युद्ध में अहम भूमिका निभाकर बांग्लादेश को आजाद कराया। भारत- पाक युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की वर्षगांठ पर अकादमी परिवार की ओर से खुला मंच का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर अतिरिक्त महानिदेशक, निदेशक सेवांग नामग्याल ने सभी आमंत्रित नागरिक परिषद के सदस्यों एवं सीमा सुरक्षा बल परिवार के कार्मिकों का स्वागत किया एवं 1971 के भारत पाक युद्ध के अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कर्तत्व की बलिवेदि पर अपने रक्त से अभिषेक करने वाले वीर सीमा प्रहरियों की वीर गाथा को सदैव जाग्रत रखने का आह्वाहन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश पुलिस पूर्व पुलिस महानिदेशक, डॉ विक्रम सिंह, (सेवानिर्वित), ने पाक युद्ध एवं इसमें बीएसएफ की भूमिका तथा उसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश के उदय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने ओजस्वी एवं ऊर्जावान भाषण से अमर शहीदों को याद किया एवं सीमा सुरक्षा बल के अहम योगदान की भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होंने नागरिकों द्वारा इन सैनिकों को सम्मान हर वर्ष देने की रीति को भावुक हो कर सराहा और कहा यह परिपाटी राष्ट्र की सुरक्षा में खड़े सिपाहियों के हौसले को बुलंद करती है तथा साथ ही उनको भी राष्ट्र की सुरक्षा के लिए हर प्रकार से प्रेरित करती है। अपने दृढ़ शब्दों व बुलंद आवाज में जयघोष करते हुए मुख्य अतिथि ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि जब राष्ट्र की सुरक्षा ऐसे सैनिक के हाथों में हो तो उस राष्ट्र की ओर कोई आंख उठाकर भी नहीं देख सकता और नाही सीमाओं को छूने का दुस्साहस कर सकता है।
इस अवसर पर ब्रजेश कुमार, महानिरीक्षक / संयुक्त निदेशक, सीमा सुरक्षा बल व वरिष्ठ अधिकारीगण, अधिनस्थ अधिकारीगण, अन्य कार्मिक एवं नागरिक परिषद एवं डबरा के सदस्य डॉ नामधारी, डॉ राजेंद्र सिंह, सुरेश कुमार शर्मा, प्रमोद बिट्ठरिया, जेएस सिकरवार, कुलदीप गुप्ता, डॉ डीएस ठाकुर, मनोज मोदी, सुधीर अग्रवाल तथा बहुसंख्या में ग्वालियर एवं डबरा क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम में अपनी उपस्थित दर्ज कराकर शोभा बढ़ाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *