वायुसेना दिवस. राफेल पहली बार परेड में शामिल हुआ, 56 एयरक्राफ्टस ने ताकत दिखाई वायुसेना
गाजियाबाद . इंडियन एयरफोर्स डे की 88वीं परेड गुरूवार को यूपी के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर हुई। इसमें पहली बार राफेल जेट भी शामिल हुआ। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे, चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल करमबीर सिंह और एयरफोर्स चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया कार्यक्म में मौजूद रहे। एयरफोर्स चीफ भदौरिया ने कहा कि उत्तरी सीमा पर मौजूदा विवाद के बीच हमारे एयर वॉरियर्स ने जोरदार तेजी दिखाई।
हमने कम समय में लडाकू एसेट्स तैनात किए और आर्मी की सभी जरूरतों को देखते हुए सपोर्ट दिया। इस बार परेड में कुल 56 एयरक्राफ्ट ने हिस्सा लिया। फ्लाइ पास्ट में राफेल के अलावा, लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस, जगुआर, मिग-29, मिग-21, सुखोइ-30 भी शामिल हुए।
एयरफोर्स चीफ भदौरिया ने कहा कि भारतीय वायुसेना ट्रांसफॉर्मेशनल बदलाव के दौरे में है। हम एक ऐसे दौर में जा रहे है जिसमें नए सिरे से वायुसेना की ताकत का इस्तेमाल होगा और इंटीग्रेटेड मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस चलाए जाएंगे। यह साल असाधारण है, दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के बीच हमारे देश का रेस्पॉन्स मजबूत रहा। हमारे एयर वॉरियर्स के संकल्प को देखते हुए यह तय है कि वायुसेना मौजूदा दौर में पूरी क्षमता के साथ काम करती रहेगी। मैं देश को भरोसा देना चाहता हूं कि वायुसेना हर हाल में देश की सुरक्षा के लिए तैयार रहेगी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने वायुसेना की जानकारी से जुडा वीडियो शेयर कर जवानों को बधाई दी। उन्होनें लिखा, एयरफोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के सभी वीर योद्धाओं को बहुत-बहुत बधाई। आप ना सिर्फ आसमान को सुरक्षित रखतें है। बल्कि आपदा के समय मानवता की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। मां भारती की रक्षा के लिए आपका साहस शौर्य और समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा, हमें अपने एयर वॉरियर और उनके परिवारों पर गर्व है। हमारे आसमान की सुरक्षा करने और आपदा के वक्त मदद करने के लिए देश वायुसेना का कर्जदार है।

