वर्तमान के साथ भावी पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल करने के लिए सरकार कटिबद्ध – ऊर्जामंत्री
नवनिर्मित भव्य प्रवेश द्वार, विज्ञान भवन, कम्प्यूटर प्रयोगशाला व स्मार्ट क्लास की मिली सौगात
ग्वालियर – वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी उज्ज्वल हो, इसी ध्येय के साथ सरकार शिक्षा सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसी भाव के साथ उप नगर ग्वालियर के अंतर्गत शिक्षण संस्थाओं को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यह बात ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर ने डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय में विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने महाविद्यालय में कुल 4 करोड़ 15 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार, अत्याधुनिक विज्ञान भवन, कम्प्यूटर प्रयोगशाला एवं स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया ने की।
अध्यक्षीय उदबोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा प्रधानमंत्री की मंशा है कि भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व करे। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे संकल्पबद्ध होकर मेहनत के साथ पढ़ाई करें और दुनिया में सफलता का परचम लहराएं। डॉ. भगवत सहाय महाविद्यालय को विकास कार्यों की बड़ी-बड़ी सौगातें मिलने के लिये विद्यार्थियों को बधाई दी।
आरंभ में अतिथियों ने पट्टिका का अनावरण कर व फीता काटकर महाविद्यालय के प्रवेश द्वार, विज्ञान भवन, कम्प्यूटर प्रयोगशाला एवं स्मार्ट कक्षाओं का लोकार्पण किया। साथ ही माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।

