लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट, 2 की मौत, बाथरूम में मिली बॉम्बर की क्षत-विक्षत बॉडी, 2 की मौत
लुधियाना. पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को अदालत में ब्लास्ट हुआ है। धमाका अदालत की तीसरी मंजिल पर हुआ और इससे दीवार ढह गई। बताया जा रहा है कि 2 लोगों की मौत भी हो गई है। 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह धमाका पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लुधियाना पहुंचने से कुछ देर पहले ही हुआ है। बताया जा रहा है कि धमाका तीसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम में हुआ। सूत्रों ने बताया कि एक बॉडी अभी बाथरूम में ही मौजूद है। आशंका जाहिर की जा रही है कि यह बॉडी सुसाइड बॉम्बर की है।
टेरर एंगल हुआ तो पूरी जांच हाथ में लेगी NIA
NIA की टीम पंजाब पुलिस की फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर धमाके की जांच करेगी। इसमें यह भी देखा जाएगा कि क्या यह विदेशी ताकतों की हरकत तो नहीं है। अगर इसमें टेरर एंगल मिला तो फिर NIA जांच अपने हाथ में ले लेगी।
चुनाव से पहले पंजाब में गड़बड़ी की साजिश
धमाके के बाद मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही देश और पंजाब विरोधी ताकतें माहौल खराब कर रही हैं। पहले बेअदबी के जरिए पंजाब में गड़बड़ी की कोशिश की गई, उसमें कामयाब नहीं हुए। अब इस तरह की हरकत की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

