लाड़ली बहनों को अभी हजार, आगे 3 हजार मिलेंगे
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों को आगे तीन हजार रुपए तक दिए जाएंगे। शुरुआत एक हजार रुपए से कर रहे हैं। जैसे-जैसे पैसों की व्यवस्था होती जाएगी, 250-250 रुपए बढ़ाते जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शनिवार को सिंगल क्लिक में 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1250 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। जबलपुर में लाड़ली बहना योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुझ पर विश्वास करो, हर महीने 3 हजार दूंगा
सीएम ने कहा कि अगर आप मुझे सगा भाई समझते हो, तो मुझ पर विश्वास करो। आपको हर महीने तीन हजार रुपए दूंगा। कुछ लोग झूठी घोषणा कर रहे हैं। मुझे झूठा बोल रहे हैं, पर ऐसे लोगों से आपको सावधान रहने की जरूरत है। सीएम ने कहा कि अभी जितनी भी योजनाएं चल रही हैं, उन्हें जारी रखने के लिए आपको भाजपा के साथ रहना है। अपने भाई का साथ देना है। मोदी जी का साथ देना है। लाड़ली बहना परिवार के साथ लाड़ली बहना सेना भी बनेगी। इसमें अधिक से अधिक बहनें शामिल हों। इस सेना का काम बहनों की रक्षा करना होगा, इसलिए बहनों से कहता हूं कि अधिक से अधिक बहनें सेना में शामिल हों।
सीएम के खाते में पैसे डालने के बाद एटीएम में लगी भीड़
सीएम शिवराज द्वारा महिलाओं के खातों में पैसे डालने के बाद एटीएम में बैलेंस चेक करने के लिए भीड़ लग गई। ग्वालियर में कई बहनें एटीएम के बाहर अकाउंट चेक करने लगीं। हालांकि किसी ने उन्हें कहा कि पहले मोबाइल पर मैसेज आएगा, फिर एटीएम में आकर चेक करना।

