लहार में दो पक्षों में हुई जबरदस्त फायरिंग में एक की मौत, 20 मिनट की फायरिंग में 40 राउंड चले

भिण्ड. लहार थाना इलाके में बुधवार की सुबह 11 बजे 2 पक्षों के बीच में जमकर फायरिंग हुई है। पुरानी चुंगी के पास हुई इस घटना में 46 वर्षीय मोनू चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। उसे गिर और पीठ में गोली लगी थी। पुलिस के अनुसारविवाद की शुरूआत गाली-गलौज से हुई थी। जो बाद में गोली बारी में बदल गयी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मोनू चौधरी और दुबे परिवार के बीच लम्बे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को मोनू जैसे ही अपने घर की तरफ जा रहा था। तभी दुबे परिवार के लड़कों ने उसे गालियां देना शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने आरोप लगाया कि मोनू का परिवार संजीव चौधरी का पक्ष ले रहा है। इसी बात पर दोनों तरफ से तकरार बढ़ गयी।
20 मिनट के अंदर 30 से 40 चले राउंड
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि शुरूआत में दुबे पक्ष के युवकों ने हवाई फायर किये। जैसे ही यह सूचना मोनू के परिजनों और समर्थकों को लगी वह भी हथियार लेकर पहुंच रहा। इसके बाद लगभग 20 मिनट तक दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग चली। जिसमें 30 से 40 राउंड गोलियां चलाई गयी। इस बीच मोनू चौधरी को दो गोलियां लगी। जिसमें एक सिर और एक पीठ में, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थिति तनावपूर्ण रहते सुरक्षा बढ़ाई गयी
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिये प्रशासन अलर्ट है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में हुई परेशानी
फायरिंग के बीच मोनू को सीधा अस्पताल ले जाना मुश्किल था। इसलिये उनके साथियों ने उन्हें पुराने चुंगी इलाके से साधु बाबा वाली गली के रास्ते निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इलाके में पहले से तनाव, पुलिस को थी जानकारी
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों में लंबे समय से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चला आ रहा था। पहले भी दोनों आमने-सामने आ चुके हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस को इस तनातनी की जानकारी पहले से थी। दोनों पक्षों के हथियारबंद लोग अक्सर सड़क पर घूमते नजर आते थे, जिससे मोहल्ले में डर और दहशत का माहौल बना हुआ था।
एसपी ने दी जानकारी, जांच शुरू
भिंड एसपी असित यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीबारी में एक युवक की मौत हुई है और दूसरे के घायल होने की सूचना है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

