लक्ष्मीबाई कॉलोनी में वॉक पर निकली महिला पर झपट्टर मारकर बदमाश लूट ले गए चेन
ग्वालियर. तीन साल के बच्चे को गोद में लेकर घर के बाहर वॉक करने निकली महिला पर एक्टिवा सवार बदमाश झपट्टा मारकर चेन लूट ले गया। घटना के बाद महिला ने मदद के लिए शोर मचाया लेकिन जब तक लोग माजरा समझ पाते उससे पहले लूटेरा इलाके से ओझल हो गया। घटना लक्ष्मीबाई कॉलोनी के गेट के पास की है। लूट की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए नाकाबंदी भी कराई लेकिन लुटेरे का कोई सुराग नहीं लग सका, हालांकि लूटेरे की तस्वीर कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। थाना पड़ाव पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर लुटेरे की तलाश शुरू कर दी है।
काले रंगे की एक्टिवा पर सवार थे बदमाश
पड़ाव टीआई विवेक अस्थाना ने बताया कि एमएलबी कॉलोनी में रहने वाले केशव उपाध्याय पेशे से ठेकेदार है। केशव की पत्नी शिल्पी उपाध्याय खाना खाकर अपने तीन साल के बच्चे को लेकर घर के बाहर एमएलबी कॉलोनी के गेट के पास टहल रही थीं। इस दौरान काले रंगे की एक्टिवा पर सवार बदमाश शिल्पी के पीछे आया और गले में पड़ी सोने की चेन झपट्ट मारकर छीन कर ले गया।
महिला के गोद से बच्चा गिरते-गिरते बचा
लूट की शिकार बनी पीडि़ता शिल्पी ने बताया कि बदमाश के सोने की चेन छीनने के बाद उसने मदद के लिए शोर भी मचाया लेकिन कॉलोनी से गुजरने वाले किसी भी व्यक्ति ने उसकी मदद नहीं की। शिल्पी ने बताया कि बच्चा गोदी में होने व घबराहट होने के कारण वह एक्टिवा का नंबर भी नोट नहीं कर सकी। जब झपट्टा मार वारदात को अंजाम दिया तो महिला के गोद से बच्चा गिरते-गिरते बचा। थाना पड़ाव पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरु कर दी है।

