राज्यमंत्री को गाली देने से रोका तो किया पथराव, भाजपा के पूर्व पार्षद के घर पर किया हमला
ग्वालियर. मुरार छावनी बोर्ड के पूर्व पार्षद पति व भाजपा नेता के घर पर एक दर्जन बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावर राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह के नाम से गालियां दे रहे थे। भाजपा पार्षद उनका समर्थक है। उसने गालियां देने से रोका तो हमलावरों ने उसके घर को टारगेट कर पथराव कर दिया। लगभग 20 मिनट तक हमलावर पत्थर, ईट, फेंकते रहे और सडक पर रखी 4 से 5 कार के कांच तोड दिये। भाजपा नेता व उसके भाई को लाठी डंडों से जमीन पर पटक कर बेरहमी से मारपीट की गयी।
घटना शुक्रवार-शनिवार की रात घोसीपुरा मुरार की है। घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल और हमलावर पड़ोसी हैं। इसलिये वहां तनाव का माहौल बना हुआ है। घायल पक्ष थाने पहुंचा तो हमलावर भी थाने पहुंच गये हैं। पुलिस ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। जिस पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गयी है।
20 मिनट तक फेंकते रहे पत्थर, कारों के कांच तोड़े
जब भाजपा नेता को बचाने अन्य परिजन आए तो हमलावरों ने पथराव शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट तक घोसीपुरा में पथराव करते रहे। जिसमें मोहल्ले के कई निर्दोष लोगों की कारों के कांच फोड़ दिए। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। घायल भाजपा नेता मदन और उनका भाई कैलाश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुरार जिला अस्पताल में घायलों का इलाज कराने के बाद घायल कैलाश बघेल की शिकायत पर हमलावर मुकेश पाल, जयश्रीराम, रमेश, रवि व रामजीलाल पाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

