राजकोट में 1400 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सट्टा का पर्दाफाश, लुक आउट नोटिस की तैयारी
अहमदाबाद. अहमदाबाद अपराध शाखा ने गुजरात के राजकोट में 1400 करोड रु का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सट्टा का पर्दाफाश किया है। बुकी राकेश राजदेव व टॉमी ऊंझा ने नकली दस्तावेजों के आधार पर 11 बैंक खाते खोलकर हवाला के जरिए दुबई में सैकडों करोड रु पहुंचाए हैं। दोनों बुकी के विदेश में होने की जानकारी मिली है। अहमदाबाद अपराध शाखा ने इन दोनों अंतरराष्ट्रीय बुकी के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मनी लॉण्डिरिंग के तहत भी इस मामले की जांच कराई जाएगी।
राजकोट में उजागर 1400 करोड रु के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सट्टा कांड को लेकर पुलिस उपाधीक्षक चैतन्य मांडलिक ने बताया कि बुकी राकेश राजदेव व टॉमी ऊंझा की सर्किट से एक ही सीजन में सैकडों करोड रु के लेन देन की जानकारी मिली है। मोबाइल ऐप के जरिए क्रिकेट प्रशंसक व सटोरियों को देश विदेश में सट्टा खिलाकर करोडों रु जमा किये। सट्टे में हार व जीत होने पर इनके खातों में रु जमा होते थे, पैसा नहीं देने वालों से वसूली के लिए इन्होंने रिकवरी एजेंट भी रखे थे।
पुलिस ने बताया कि सटोरियों ने नकली दस्तावेजों के आधार पर 11 बैंक खाते खोले जिनमें अप्रेल 2022 से जुलाई 2022 के बीच सैकडों करोड रु की लेन देन हुई। पुलिस ने बताया कि इन खातों के सैकडों करोड रु दुबई के बैंक खाते में हवाला के जरिए पहुंचाये गये। बुकी राकेश राजदेव व टॉमी ऊंझा ने राजकोट के इंडसइंड बैंक, पीएनबी, एचडीएफसी, आईडीएफसी जैसे बैकों में अलग नाम व फर्म के बैंक खाते खोले थे।

