बदमाशों ने शक्कर भरी ट्रेन लूटी, पुलिस ने की फायरिंग एक घायल
मुरैना. बदमाशों ने सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का डिब्बा काटकर उसमें लदी शक्कर की बोरियां उतार लीं। बदमाश बोरियां उतार ही रहे थे कि मौके पर RPF पहुंच गई। आरपीएफ को देखकर बदमाश बोरियां छोड़कर भागने लगे तथा RPF पर फायरिंग कर दी। दोनों तरफ से फायरिंग हुई जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे पुलिस ने पकड़ लिया है तथा जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

क्या है पूरा मामला
बदमाश अब स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी तक को अपना निशाना बनाने में नहीं चूक रहे हैं। रात में गोवा एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया। सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर इंजन फेल होने पर इस मालगाड़ी को रोका गया तथा इसका इंजन गोवा एक्सप्रेस में लगाया जा रहा था। इस मालगाड़ी का इंजन हटाने पर यह खड़ी रही। रात में ही किसी समय बदमाशों ने मालगाड़ी के सबसे पीछे के डिब्बे का पहला गेट काट लिया। उसका कुंदा काटकर अलग किया जो सुबह RPF को मौके पर पड़ा मिला है। गेट गाटने के बाद लुटेरों ने उसमें से शक्कर की बोरियां उतारना शुरु कर दिया। शक्कर की बोरियां उतारकर वह ले जा ही रहे थे कि उसी समय आरपीएफ को पता लग गया तो RPF मौके पर पहुंची और उसने उन्हें रोकने के लिए ललकारा लुटेरे बोरियां छोड़कर भागने लगे। RPF ने उनका पीछा किया। आरपीएफ को रोकने के लिए लुटेरों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही आरपीएफ ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से गोलियां चलीं। इस गोली बारी का फायदा उठाकर लुटेरे भाग खड़े हुए। इसी बीच एक गोली एक लुटेरे के पैर में लग गई। पैर में गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा जिसे RPF ने तुरंत मौके से पकड़ लिया।

ग्वालियर से भी RPF का बल पहुंचा
मुठभेड़ की खबर सुनते ही ग्वालियर से भी RPF का बल पहुंच गया। लुटेरों द्वारा छोड़ी गई 63 शक्कर की बोरियां आरपीएफ ने कब्जे में ले ली हैं। कुछ बोरियां लुटेरे ले जाने में सफल रहे हैं।
जिस लुटेरे को पकड़ा उसका नाम रवि शर्मा
जिस लुटेरे को पुलिस ने पकड़ा है उसका नाम रवि शर्मा है तथा वह मुरैना के पिपरसा गांव का रहने वाला है। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही अन्य आरोपी पकड़े जाएंगे।

