माधवराव सिंधिया की जयंती पर शताब्दीपुरम में कवि सम्मेलन तो छत्री में भजन संध्या होगी
ग्वालियर -पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की जयंती के अवसर पर शहर में विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल और बाल खांडे ने शनिवार को संवाददाताओं से चर्चा में बताया कि 10 मार्च की शाम 5 बजे छत्री परिसर में भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें ग्वालियर के प्रसिद्ध भजन गायक राजेंद्र पारिख और भजन गायिका शिल्पी कालविंद भजन प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि देंगे।
कार्यक्रम सुबह 9 बजे नदी गेट स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया की प्रतिमा पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहर के नागरिकों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम होंगे।
जयंती के अवसर पर कई सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। पार्षद मोहित जाट द्वारा 11 कन्याओं का निःशुल्क विवाह कराया जाएगा। MITS विश्वविद्यालय में प्रतिभावान छात्रों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। वहीं जरूरतमंदों को भोजन वितरण, गायों को हरा चारा खिलाने और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।शाम 6 बजे सिंधिया चौराहा स्थित शताब्दीपुरम में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। कार्यक्रम में विभिन्न शहरों के कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रमों में शामिल होकर स्वर्गीय माधवराव सिंधिया को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।

